रायपुर। राजधानी रायपुर में बैंकिंग दस्तावेजों से छेड़छाड़ कर चेक के जरिए 4.40 लाख रुपये निकालने का मामला सामने आया है। तात्यापारा निवासी आनंद कुसरे ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के मुताबिक, उनके नाम जारी अकाउंट पेयी चेक को बैंक में जमा करने के बाद वह गायब हो गया और बाद में कथित तौर पर फर्जी दस्तावेजों का इस्तेमाल कर उसकी पूरी रकम नकद निकाल ली गई।
संपत्ति के सौदे में मिला था 4.40 लाख का चेक
जानकारी के अनुसार, आनंद कुसरे ने अपनी संपत्ति के विक्रय का सौदा सोनम वर्मा के साथ किया था। रजिस्ट्री से पहले सोनम ने 14 जुलाई 2026 की तारीख वाला चेक नंबर 669171 आनंद के नाम जारी किया था। चेक की राशि 4 लाख 40 हजार रुपये थी और यह अकाउंट पेयी चेक था।
आनंद ने 15 जुलाई को चेक अपने बैंक ऑफ इंडिया, तात्यापारा शाखा के खाते में संग्रहण के लिए जमा किया।
बैंक ने बताया चेक गुम, फिर SBI से निकल गई रकम
शिकायत के मुताबिक, 16 जुलाई को आनंद ने चेक की स्थिति के बारे में बैंक से जानकारी ली, लेकिन रकम उनके खाते में जमा नहीं हुई थी। अगले दिन बैंक कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि चेक गुम हो गया है और फिलहाल सिर्फ जमा पर्ची उपलब्ध है।
इसके बाद 20 जुलाई को बैंक पहुंचने पर उन्हें कथित तौर पर पता चला कि चेक की पूरी 4.40 लाख रुपये की रकम SBI की संतोषी नगर शाखा से नकद निकाली जा चुकी है।
फर्जी आधार कार्ड और हस्ताक्षर का आरोप
आनंद ने SBI शाखा पहुंचकर चेक और भुगतान से जुड़े दस्तावेजों की जानकारी ली। उनका आरोप है कि चेक के पीछे उनके नाम से फर्जी हस्ताक्षर किए गए थे।
रकम निकालने के लिए कथित तौर पर जिस आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया, उसमें नाम आनंद कुसरे का था, लेकिन फोटो किसी दूसरे व्यक्ति की लगी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार आधार नंबर और पता भी उनके वास्तविक दस्तावेज से अलग था।
बैंक प्रबंधन की ओर से कथित तौर पर CCTV फुटेज का फोटो भी शिकायतकर्ता को उपलब्ध कराया गया, जिसमें रकम निकालने वाले व्यक्ति की तस्वीर दिखाई दे रही है।
अज्ञात आरोपी के खिलाफ केस दर्ज
आनंद ने पुलिस से चेक में कुटरचना, फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और बैंक से रकम निकालने वाले व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली थाना प्रभारी सतीश सिंह के मुताबिक, शिकायतकर्ता की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस बैंक रिकॉर्ड, CCTV फुटेज और चेक से जुड़े दस्तावेजों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।



