छत्तीसगढ़

रफ्तार का कहर: कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत, चालक फरार..

राजिम/कोरबा। छत्तीसगढ़ में सोमवार देर रात दो अलग-अलग सड़क हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि सीमेंट से भरा ट्रक हादसे का शिकार हो गया। कोरबा में तेज रफ्तार अज्ञात कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं राजिम में सीमेंट से लदा ट्रक अनियंत्रित होकर पुलिया के पास पलट गया। दोनों मामलों में पुलिस जांच कर रही है।

पुलिया के पास पलटा सीमेंट से भरा ट्रक

राजिम के फिंगेश्वर-महासमुंद प्रमुख मार्ग पर ग्राम भेंद्ररी स्थित पुलिया के पास सोमवार देर रात सीमेंट से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

बताया जा रहा है कि चालक की लापरवाही के कारण ट्रक अनियंत्रित हुआ और पुलिया के पास पलट गया। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर फिंगेश्वर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।

पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है। साथ ही हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है।

ग्रामीणों के मुताबिक, ग्राम भेंद्ररी के पास स्थित पुलिया में रेलिंग नहीं है। इसके कारण यहां हादसे का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पहले भी कई वाहन पुलिया से नीचे गिर चुके हैं और सुरक्षा के लिए पुलिया में रेलिंग लगाए जाने की जरूरत है।

कार की टक्कर से साइकिल सवार की मौत

दूसरा हादसा कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में ग्राम खेरभावना के पास हुआ। सोमवार देर रात विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात कार ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसे में ग्राम कनबेरी निवासी सुरेंद्र सिंह कंवर (47) गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार, सुरेंद्र सिंह कंवर काम के सिलसिले में साइकिल से कोरबा गए थे। देर रात वह साइकिल से अपने गृह ग्राम कनबेरी लौट रहे थे। इसी दौरान खेरभावना के पास यह हादसा हो गया।

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया चक्काजाम

हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। घटना से नाराज ग्रामीणों ने सड़क पर करीब दो घंटे तक चक्काजाम किया। ग्रामीणों ने क्षेत्र में स्ट्रीट लाइट लगाने और सड़क पर सुरक्षा व्यवस्था बेहतर करने की मांग की।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर स्थिति संभाली। मृतक के परिवार को तत्काल 25 हजार रुपये की सहायता राशि दी गई।

फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार कार और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से आरोपी वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

Leave a Reply

Back to top button