सरगुजा। बतौली थाना क्षेत्र के मानपुर इलाके में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा की कुएं में लाश मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका 12वीं कक्षा की छात्रा थी। उसका शव बस्ती से लगे एक कुएं में मुंह के बल पड़ा मिला।
जानकारी के मुताबिक, किशोरी कृष्ण जन्माष्टमी के विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। कार्यक्रम के बाद से वह लापता थी। परिजन उसकी तलाश कर रहे थे। इसी दौरान बस्ती के पास स्थित कुएं में उसकी लाश मिलने की सूचना मिली।
घटना की जानकारी मिलते ही बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल के साथ साइबर फॉरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची।
पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। किशोरी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका पता नहीं चल सका है। पुलिस आसपास के लोगों और परिजनों से जानकारी जुटा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।



