छत्तीसगढ़

मामूली विवाद में पत्नी की हत्या, पति ने सीमेंट के डंबल से पीट-पीटकर मार डाला..

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के पाली थाना क्षेत्र में घरेलू विवाद के चलते पति द्वारा पत्नी की हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोपी पति ने सीमेंट के डंबल से पत्नी के सिर पर हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना पाली के वार्ड नंबर 9 स्थित शांति बस्ती की है। मृतका की पहचान 39 वर्षीय बंधन कुंवर के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति रमेश डोंगरे की उम्र 40 वर्ष बताई गई है। घटना बुधवार सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच की है।

बताया जा रहा है कि दोनों के बीच अलग घर बनाने को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोपी रमेश अपनी पत्नी से अलग दूसरा घर बनाकर रहने की बात कह रहा था, जबकि पत्नी इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

बुधवार सुबह विवाद बढ़ने पर रमेश ने गुस्से में सीमेंट के डंबल से बंधन के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर पाली थाना पुलिस और FSL की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Back to top button