छत्तीसगढ़

रायगढ़ MCH में नवजात की मौत पर हंगामा, नर्सों से डिलीवरी कराने का आरोप..

रायगढ़। जिले के लैलूंगा स्थित मातृ-शिशु अस्पताल (MCH) में नवजात की मौत के बाद हंगामा मच गया है। ऐंकरा गांव की 30 वर्षीय वीना सिदार को प्रसव पीड़ा के बाद पहले लमडांड अस्पताल ले जाया गया था। हालत गंभीर होने पर उन्हें देर रात लैलूंगा MCH रेफर किया गया।

परिजनों का आरोप है कि सुबह अस्पताल पहुंचने पर ड्यूटी पर डॉक्टर मौजूद नहीं थे और नर्सों ने ही प्रसव कराया। डिलीवरी के तुरंत बाद नवजात की मौत हो गई। इसके बाद परिजनों ने स्वास्थ्यकर्मियों पर लापरवाही और समय पर डॉक्टर नहीं बुलाने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।

महिला के पति रामरतन और मितानिन सत्यवती सिदार ने मामले की शिकायत मुख्यमंत्री हेल्पलाइन में भी दर्ज कराई है।

हालांकि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने परिजनों के आरोपों को खारिज किया है। रायगढ़ CMHO डॉ. अनिल जगत और लैलूंगा BMO डॉ. धरम साय पैंकरा के मुताबिक, नवजात की मौत MCH पहुंचने से पहले ही गर्भ में हो चुकी थी, जिसकी जानकारी लमडांड अस्पताल में ही परिजनों को दी गई थी। अधिकारियों का कहना है कि प्रसव के दौरान महिला डॉक्टर मौजूद थीं और अस्पताल में MBBS डॉक्टरों की टीम तैनात है।

वहीं, अस्पताल में गायनिक विशेषज्ञ का पद खाली होने की बात भी सामने आई है। फिलहाल दोनों पक्षों के दावों के बीच मामले ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Back to top button