जशपुर। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक दुखद मामला सामने आया है। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के बाधरकोना गांव में 17 वर्षीय किशोर का शव निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के छज्जे पर मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, बाधरकोना निवासी सुकेन यादव (17) शुक्रवार रात बिना बताए घर से निकल गया था। देर रात तक जब वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
शनिवार सुबह घर से कुछ दूरी पर स्थित निर्माणाधीन आंगनबाड़ी भवन के छज्जे पर सुकेन का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया।
जांच के बाद सामने आएगा कारण
मृतक के पिता डेयरी का काम करते हैं। किशोर की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस के अनुसार, घटना के पीछे की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के कारणों की स्थिति साफ होने की उम्मीद है।
पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।



