कांकेर। छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में SSB कैंप के अंदर एक जवान द्वारा सर्विस रायफल से गोली मारकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद कैंप में हड़कंप मच गया। मामले की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान आनंद प्रकाश तिवारी के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश का रहने वाला था और अंतागढ़ के पास कुहचे गांव स्थित SSB कैंप में हवलदार के पद पर तैनात था।
बताया जा रहा है कि सोमवार को अज्ञात कारणों के चलते जवान ने अपनी सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही कैंप के अधिकारियों ने स्थानीय पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर भेजा गया है।
फिलहाल जवान ने यह कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जवान के साथियों व अन्य संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना की असली वजह सामने आने की उम्मीद है।



