धमतरी। एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के बाद धमतरी पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
जानकारी के अनुसार थाना सिहावा में दर्ज एनडीपीएस प्रकरण के आरोपीगणों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी ले जाया जा रहा था। इस दौरान पुलिस सुरक्षा में मौजूद सहायक उप निरीक्षक सोनचंद डहरिया, आरक्षक अजय नेताम, डीएसएफ आरक्षक हिमेश नेताम और महिला आरक्षक डिगेश्वरी साहू आरोपी को लेकर अस्पताल पहुंचे थे।
चिकित्सीय परीक्षण के दौरान आरोपी पलाश गजभिए (32 वर्ष), निवासी कचूरवाही, जिला नागपुर (महाराष्ट्र), पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया। घटना के बाद आरोपी के खिलाफ धारा 262 बीएनएस के तहत एक और मामला दर्ज किया गया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी सूरज सिंह परिहार ने प्रथम दृष्टया सुरक्षा और निगरानी में घोर लापरवाही पाए जाने पर चारों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि में सभी का मुख्यालय रक्षित केंद्र धमतरी निर्धारित किया गया है। फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीम लगातार सर्च अभियान चला रही है।



