मनेंद्रगढ़। छत्तीसगढ़ शासन ने स्कूल शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए कई जिला शिक्षा अधिकारियों और प्राचार्यों के प्रभार में बदलाव किया है। इस क्रम में मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले के जिला शिक्षा अधिकारी आरपी मिरे को हटा दिया गया है।
बताया जा रहा है कि हाल ही में घोषित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा परिणामों में एमसीबी जिला प्रदेश में सबसे निचले स्थान पर रहा था। इसके अलावा सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समीक्षा बैठक में विभागीय कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए तत्कालीन डीईओ को फटकार भी लगाई थी।
शासन ने अब जिले की शिक्षा व्यवस्था में सुधार की जिम्मेदारी विकासखंड शिक्षा अधिकारी रविकांत यादव को सौंपी है। उन्हें प्रभारी जिला शिक्षा अधिकारी नियुक्त किया गया है। नई जिम्मेदारी के तहत अब उनके सामने जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता सुधारने और आगामी बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित करने की चुनौती होगी।



