मोहला। छत्तीसगढ़ के मोहला जिले के ग्राम दक्कोटोला में ग्रामीणों ने प्रशासनिक उदासीनता के बीच आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश की है। करीब 25 वर्षों तक पक्की सड़क की मांग पूरी नहीं होने पर ग्रामीणों ने आपस में चंदा इकट्ठा कर खुद ही सड़क निर्माण और मरम्मत का काम शुरू कर दिया।
बरसात में कीचड़ और बदहाल रास्तों से परेशान ग्रामीणों ने इस बार सरकारी इंतजार छोड़ सामूहिक श्रमदान का रास्ता चुना। युवा, बुजुर्ग और महिलाएं फावड़ा-कुदाल लेकर सड़क बनाने में जुट गए। ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों तक आवेदन और शिकायतों के बावजूद सड़क नहीं बनी, इसलिए अब उन्होंने खुद पहल की है।
ग्रामीणों की इस जनभागीदारी की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है। वहीं जिला प्रशासन ने भी इस पहल की सराहना करते हुए जल्द पक्की सड़क निर्माण की प्रक्रिया शुरू करने का भरोसा दिया है।



