गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के शोभा थाना क्षेत्र स्थित ग्राम गरीबा में एक दिल दहला देने वाला दोहरा हत्याकांड सामने आया है। पुरानी रंजिश के चलते एक दंपति की निर्मम हत्या कर उनके शवों को बोरे में भरकर श्मशान घाट में दफना दिया गया। घटना का खुलासा करीब एक सप्ताह बाद होने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
मृतकों की पहचान राजाराम नेताम और उनकी पत्नी आशो बाई नेताम के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि 6 जून को पुरानी दुश्मनी के कारण आरोपियों ने दोनों की डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। वारदात के बाद सबूत मिटाने की नीयत से शवों को श्मशान घाट ले जाकर गुप्त रूप से दफना दिया गया।
मामले का खुलासा तब हुआ जब गांव के एक अन्य व्यक्ति के अंतिम संस्कार के लिए ग्रामीण श्मशान घाट पहुंचे। वहां दो स्थानों पर ताजा खुदाई और दफनाए जाने के निशान देखकर ग्रामीणों को शक हुआ। इसी दौरान उन्हें पिछले एक सप्ताह से लापता दंपति की याद आई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही शोभा थाना प्रभारी पवन वर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और दफन शवों को बाहर निकलवाया। जांच में पुष्टि हुई कि शव राजाराम नेताम और आशो बाई नेताम के ही हैं।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में पड़ोसी लखीराम नेताम, रघुराम नेताम और नकुल राम नेताम को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और हत्या के पीछे की पूरी साजिश की जांच की जा रही है।
फिलहाल दोनों शवों के अवशेष फॉरेंसिक जांच के लिए रायपुर भेजे गए हैं। पुलिस का कहना है कि रिपोर्ट आने के बाद मामले से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्य सामने आ सकते हैं। इस खौफनाक वारदात ने पूरे गांव को दहला दिया है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है।



