News

₹1000 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, रायपुर का कारोबारी दिल्ली से गिरफ्तार..

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के एक कारोबारी को करीब 1000 करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार किया गया है। कोलकाता पुलिस ने कारोबारी महेंद्र गोयनका को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने फर्जी दस्तावेजों और हस्ताक्षरों के जरिए मध्यप्रदेश के बीजेपी विधायक संजय पाठक के परिवार से जुड़ी कंपनी पर नियंत्रण हासिल करने की कोशिश की।

जानकारी के मुताबिक, यह मामला यूरो प्रतीक इस्पात इंडिया प्राइवेट लिमिटेड से जुड़ा हुआ है, जिसका मुख्यालय कोलकाता में है। आरोपी महेंद्र गोयनका कंपनी में प्रबंधकीय पद पर कार्यरत रहा था। आरोप है कि इसी दौरान उसने अपनी पत्नी और कुछ सहयोगियों के साथ मिलकर कंपनी के दस्तावेजों और हस्ताक्षरों में कथित हेरफेर किया।

शिकायत के अनुसार, कंपनी के दो डायरेक्टरों को हटाकर उनकी जगह चार अन्य लोगों को डायरेक्टर बनाए जाने का आरोप है। इसके अलावा कंपनी के वित्तीय लेनदेन में अनियमितता और करोड़ों रुपये के गबन के भी आरोप लगाए गए हैं। शिकायतकर्ताओं ने कुल धोखाधड़ी का अनुमान करीब 1000 करोड़ रुपये बताया है।

इस मामले में मध्यप्रदेश के कटनी के कोतवाली और माधवनगर थाने के अलावा कोलकाता में भी शिकायत दर्ज कराई गई थी। कोलकाता पुलिस ने वर्ष 2024 में धोखाधड़ी, आपराधिक साजिश, जालसाजी और फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था।

पुलिस लंबे समय से मामले की जांच कर रही थी। इसी दौरान 18 जुलाई को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी महेंद्र गोयनका दिल्ली में मौजूद है। सूचना के आधार पर कोलकाता पुलिस ने दिल्ली में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को दिल्ली की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता लाया गया। पुलिस ने आरोपी को 10 दिन की रिमांड पर लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां कथित फर्जी दस्तावेजों, कंपनी के नियंत्रण में बदलाव और वित्तीय लेनदेन से जुड़े मामलों की जांच कर रही हैं।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ और जांच के बाद इस मामले में और भी लोगों की भूमिका सामने आ सकती है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button