कोरिया। कोरिया के जिला मुख्यालय बैकुंठपुर में ED की टीम ने जनपद पंचायत CEO राधेश्याम मिर्झा के ठिकाने पर छापेमारी की। राधेश्याम मिर्झा बैकुंठपुर के जल संसाधन विभाग के रेस्ट हाउस में रह रहे हैं। शुक्रवार तड़के दो गाड़ियों में पहुंची ED की टीम ने रेस्ट हाउस में पहुंचकर उन्हें उठाया और जांच शुरू की। ईडी की टीम ने रेड की कार्रवाई कर दस्तावेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार, बैकुंठपुर में जनपद सीईओं के पद पर राधेश्याम मिर्झा पिछले 7 महीने से थे। हाल में ही मिर्झा का तबादला सूरजपुर के प्रतापपुर जनपद पंचायत किया गया है। उन्होने अभी तक प्रतापपुर में ज्वाइनिंग नही की है। इससे पहले राधेश्याम मिर्झा सोनहत जनपद और कोरबा जिला के पोड़ी-उपरोड़ा जनपद सीईओं रह चुके है। ईडी के छापे की जानकारी के बाद स्थानीय मीडिया मौके पर पहुंचकर जांच के संबंध में जानकारी लेने का प्रयास किया गया। लेकिन प्रवर्तन निदेशालय के अधिकारियों द्वारा कुछ भी कहने से इंकार कर दिया गया।
जनपद सीईओं के पद पर रहने वाले राधेश्याम मिर्झा पूर्ववर्ती कांग्रेस शासनकाल में प्रभावशाली अधिकारी रहे हैं। कोरबा जिले की जनपद पंचायत पोड़ी-उपरोड़ा में उनके द्वारा कराये गये कार्य और मनमानी काफी सुर्खियों में रहे है। वहीं जनपद सीईओं मिर्झा द्वारा कोरबा में पोस्टिंग के दौरान डीएमएफ फंड में किये गये अनियमितता और भ्रष्टाचार को लेकर ईडी द्वारा जांच किये जाने की भी आशंका जतायी जा रही है।



