छत्तीसगढ़

पुलिस विभाग में बड़ा फेरबदल, 2 साल से जमे आरक्षकों का तबादला..

धमतरी। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के मार्गदर्शन में धमतरी जिले में पदस्थ आरक्षकों के लिए एक सुव्यवस्थित और पारदर्शी स्थानांतरण प्रक्रिया अपनाई गई है। इस प्रक्रिया के तहत दो वर्ष से अधिक समय से एक ही स्थान पर तैनात आरक्षकों का बड़े पैमाने पर तबादला किया गया है।

जानकारी के अनुसार, धमतरी, कुरुद और नगरी अनुभागों के साथ-साथ पुलिस लाइन, यातायात, कंट्रोल रूम, एसपी कार्यालय, साइबर थाना, अजाक और महिला सेल में पदस्थ आरक्षकों का सम्मेलन आयोजित किया गया। इस खुले मंच में आरक्षकों से उनकी पसंद के अनुसार तीन थाना या चौकी विकल्प भरवाए गए।

प्राप्त विकल्पों और कार्य मूल्यांकन के आधार पर दो अलग-अलग सूचियों में कुल 192 आरक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। इनमें 121 और 71 आरक्षकों को विभिन्न थाना-चौकियों और रक्षित केंद्रों में नई जिम्मेदारियां दी गई हैं।

स्थानांतरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आरक्षकों से उनके गृह थाना और पिछली पोस्टिंग को छोड़कर तीन विकल्प मांगे गए। साथ ही, जिन कर्मियों की विशेषज्ञता संबंधित इकाई के कार्य के लिए आवश्यक थी, उन्हें प्रशासनिक कारणों से यथास्थान रखा गया है।

पिछले एक वर्ष में यह धमतरी जिले की पहली बड़ी तबादला सूची है। इसमें यह भी ध्यान रखा गया कि स्टाफ के बच्चों का शैक्षणिक सत्र पूरा हो चुका हो, ताकि परिवार पर स्थानांतरण का प्रतिकूल प्रभाव न पड़े।

पुलिस विभाग की इस पहल से कार्यकुशलता बढ़ने के साथ-साथ बल में संतुलन, मनोबल और कार्य संतुष्टि में सुधार की उम्मीद जताई जा रही है।

 

Leave a Reply

Back to top button