बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में आज जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय बिलासपुर को 119.11 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात देंगे। वहीं, जिले में नाबालिग लड़कियों का गर्भपात कराने के मामले में महिला डॉक्टर की गिरफ्तारी हुई है। इसके अलावा जांजगीर-चांपा में धान खरीदी की समस्याओं को लेकर कांग्रेस की चेतावनी रैली आयोजित की जाएगी। वहीं, शादी का फर्जी निमंत्रण भेजकर 98 हजार रुपये की साइबर ठगी करने वाले आरोपी को केरल से गिरफ्तार किया गया है।
CM साय देंगे 119.11 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात
बिलासपुर में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शामिल होंगे। कार्यक्रम का आयोजन लाल बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में किया जाएगा।
इस दौरान मुख्यमंत्री 89.31 करोड़ रुपये की लागत वाले 7 विकास कार्यों का भूमिपूजन करेंगे। वहीं, 29.80 करोड़ रुपये की लागत से तैयार 9 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इस तरह बिलासपुर को कुल 119.11 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिलेगी।
नाबालिगों का गर्भपात कराने वाली महिला डॉक्टर गिरफ्तार
बिलासपुर के तोरवा थाना क्षेत्र में नाबालिग लड़कियों का गर्भपात कराने और भ्रूण को अरपा नदी में नष्ट करने के मामले में पुलिस ने महिला डॉक्टर सुब्धा मसीह (43 वर्ष), निवासी उसलापुर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, मामले के मुख्य आरोपी गणेश सोनी (30 वर्ष), निवासी तोरवा पर शादी का झांसा देकर दिसंबर 2023 से नाबालिग लड़कियों के साथ लगातार शारीरिक संबंध बनाने का आरोप है। इसी दौरान लड़कियां गर्भवती हो गई थीं। आरोप है कि गणेश सोनी ने महिला डॉक्टर की मदद से अस्पताल में गर्भपात कराया।
जांच में पुलिस को महिला डॉक्टर की संलिप्तता के महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले। पुलिस का कहना है कि डॉक्टर को पीड़िताओं के नाबालिग होने की जानकारी थी, इसके बावजूद उसने गर्भपात कराया। आरोप है कि बाद में भ्रूण को साक्ष्य मिटाने की नीयत से अरपा नदी में नष्ट किया गया और पुलिस को घटना की सूचना भी नहीं दी गई।
तोरवा पुलिस ने महिला डॉक्टर को 13 नवंबर को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। मामले में मुख्य आरोपी गणेश सोनी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
धान खरीदी की समस्याओं को लेकर कांग्रेस की चेतावनी रैली आज
जांजगीर-चांपा जिले में धान खरीदी व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी सोमवार 16 नवंबर को चेतावनी रैली निकालेगी। रैली सुबह 11 बजे चांपा रोड स्थित मदनलाल अग्रवाल के पुराने पेट्रोल पंप से शुरू होगी।
जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल के अनुसार, धान खरीदी व्यवस्था में आ रही परेशानियों और तकनीकी समस्याओं के कारण किसानों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इन्हीं मुद्दों को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा।
रैली में विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, विधायक ब्यास कश्यप, विधायक शेषराज हरबंश, विधायक बालेश्वर साहू सहित कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी शामिल होंगे।
शादी का फर्जी निमंत्रण भेजकर 98 हजार की ठगी, आरोपी केरल से गिरफ्तार
जांजगीर-चांपा में साइबर ठगी के मामले में पुलिस ने केरल से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अब्दुल अजीज (29 वर्ष), निवासी कोण्डोट्टी, जिला मल्लपुरम, केरल के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, 6 जून को नैला स्टेशन रोड निवासी राजेश कुमार थवाईत के मोबाइल पर व्हाट्सऐप के जरिए शादी के निमंत्रण के नाम पर एक APK फाइल भेजी गई थी। फाइल डाउनलोड करते ही उनका मोबाइल हैक हो गया और लिंक एसबीआई बैंक खाते से 98 हजार रुपये निकाल लिए गए।
शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस ने जांच शुरू की। एनसीआरपी पोर्टल से मिले बैंक खाते के विवरण के आधार पर आरोपी तक पहुंचकर उसे उसके घर से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने ठगी की रकम अपने बैंक खाते में प्राप्त होने और उसे निकालकर घरेलू खर्च में इस्तेमाल करने की बात स्वीकार की। जांच में खाते में 21 हजार रुपये की एक अन्य संदिग्ध रकम भी मिली, जिसकी शिकायत गुजरात से दर्ज थी। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर बैंक खाते को सीज कर दिया है। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जांजगीर लाने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।



