छत्तीसगढ़

पत्नी के साथ अफेयर का शक बना मौत की वजह, टंगिया से हमला कर युवक की हत्या..

तिल्दा-नेवरा। छत्तीसगढ़ के तिल्दा-नेवरा इलाके में प्रेम संबंध के शक में हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां पत्नी के साथ प्रेम संबंध होने के संदेह में एक व्यक्ति ने अपने भतीजे के साथ मिलकर 22 वर्षीय युवक की बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने के इरादे से शव को सीमेंट के पोल से बांधकर तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

ईंट भट्ठे के पास से लापता हुआ था युवक

मामला ग्राम बेमता का है। जानकारी के मुताबिक, धनेश पाल ने 14 नवंबर को तिल्दा-नेवरा थाने में अपने बेटे पुरुषोत्तम पाल (22) की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के अनुसार, पुरुषोत्तम दोपहर करीब 3:30 बजे बेमता ईंट भट्ठे के पास से अचानक लापता हो गया था। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

पत्नी से प्रेम संबंध का शक बना हत्या की वजह

पुलिस जांच में सामने आया कि गांव का ही शंकर पाल अपनी पत्नी और पुरुषोत्तम के बीच प्रेम संबंध होने का संदेह करता था। इसी बात को लेकर पहले भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। घटना वाले दिन शंकर पाल और उसका भतीजा किशन यादव भी पुरुषोत्तम के साथ देखे गए थे। इसके बाद पुलिस ने दोनों से पूछताछ शुरू की।

टंगिया से हमला कर की हत्या

पुलिस पूछताछ में आरोपी किशन यादव ने अपने चाचा शंकर पाल के साथ मिलकर हत्या की साजिश रचने की बात कबूल की। आरोपियों ने पुरुषोत्तम पर टंगिया से सिर, गर्दन और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला किया, जिससे उसकी मौत हो गई।

शव को सीमेंट के पोल से बांधकर तालाब में फेंका

हत्या के बाद आरोपियों ने साक्ष्य छिपाने के लिए शव को सीमेंट के पोल से बांधा और ग्राम बेमता के मंजरी डबरी तालाब में फेंक दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर तालाब से शव बरामद किया। घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम ने पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए।

दोनों आरोपी गिरफ्तार, हथियार और मोबाइल जब्त

पुलिस ने मामले में शंकर पाल उर्फ राजू (38) और किशन यादव उर्फ पिंटू (20) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल टंगिया, मृतक का डंडा और मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

प्रेम संबंध के संदेह में एक 22 वर्षीय युवक की हत्या की इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Leave a Reply

2

Back to top button