बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में तेज रफ्तार ट्रक का कहर देखने को मिला है। मस्तूरी थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार 40 वर्षीय किसान की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठे एक पिता और उनका 8 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए बिलासपुर के सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद से गांव में शोक का माहौल है।
बीमार बच्चे को अस्पताल दिखाकर लौट रहे थे तीनों
मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम रिस्दा निवासी 40 वर्षीय सोमनाथ श्रीवास खेती-किसानी का काम करते थे। गांव के ही राकेश यादव का 8 वर्षीय बेटा शौर्य काफी दिनों से बीमार था। सोमवार को राकेश के कहने पर सोमनाथ अपनी बाइक से राकेश और उसके बीमार बेटे को इलाज के लिए बिलासपुर स्थित सिम्स अस्पताल लेकर पहुंचे थे।
अस्पताल में डॉक्टर से जांच कराने के बाद शाम को तीनों बाइक से अपने गांव रिस्दा लौट रहे थे। इसी दौरान मस्तूरी के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
ट्रक के पहियों के नीचे आया किसान, मौके पर तोड़ा दम
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे सोमनाथ सीधे ट्रक के पहियों के नीचे आ गए। गंभीर चोट लगने के कारण उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक पर पीछे बैठे राकेश यादव और मासूम शौर्य उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए और सड़क पर लहूलुहान हालत में पड़े रहे।
हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़, पुलिस ने संभाला मोर्चा
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। हादसे के कारण सड़क पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करते हुए यातायात बहाल कराया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
ट्रक चालक की तलाश में जुटी पुलिस
वहीं गंभीर रूप से घायल राकेश यादव और उनके बेटे शौर्य का सिम्स अस्पताल में इलाज जारी है। डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। इधर, मस्तूरी पुलिस हादसे के बाद ट्रक चालक की तलाश में जुटी है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे में किसान की मौत से ग्राम रिस्दा में शोक की लहर है।



