छत्तीसगढ़

नारायणपुर में धान खरीदी शुरू, किसानों का फूलों से हुआ स्वागत; 19 केंद्रों पर होगी खरीदी..

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत 15 नवंबर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ हो गया है। जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर जिले के सभी 19 धान उपार्जन केंद्रों में खरीदी शुरू की गई। पहले दिन धान बेचने पहुंचे किसानों का पुष्प भेंटकर आत्मीय स्वागत और सम्मान किया गया।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों से 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से धान खरीद रही है। इसके तहत प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान की खरीदी की जा रही है। खरीदी शुरू होने से उपार्जन केंद्रों में किसानों के बीच उत्साह का माहौल देखने को मिला।

पहले दिन इन किसानों ने बेचा धान

खरीदी के पहले दिन नारायणपुर उपार्जन केंद्र में किसान हितेंद्र, एड़का केंद्र में फागुराम, बेनूर केंद्र में नारायण और रितेश तथा गढ़बेंगाल केंद्र में शशि बाई मानिकपुरी ने अपनी उपज बेची। इस दौरान सभी किसानों का फूल भेंटकर स्वागत किया गया।

दो नए केंद्र शुरू, अब 19 केंद्रों पर होगी खरीदी

किसानों को धान बेचने के लिए लंबी दूरी तय न करनी पड़े, इसके लिए जिले में इस वर्ष दो नए उपार्जन केंद्र शुरू किए गए हैं। हलामीमुंजमेटा और तारागांव में नए केंद्र खुलने से उपार्जन केंद्रों की संख्या 17 से बढ़कर 19 हो गई है। इससे दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों के किसानों को राहत मिलेगी। साथ ही धान परिवहन में लगने वाले समय, श्रम और खर्च की बचत होगी।

जिले में वर्तमान में 10 हजार 686 किसान पंजीकृत हैं, जिनका कुल पंजीकृत रकबा 13 हजार 63.08 हेक्टेयर है। जिला प्रशासन ने सभी उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

घर बैठे ऑनलाइन टोकन, ऑफलाइन की भी सुविधा

धान खरीदी प्रक्रिया को आसान और पारदर्शी बनाने के लिए किसानों को ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों माध्यमों से टोकन लेने की सुविधा दी गई है। किसान ‘तुंहर टोकन’ मोबाइल ऐप के जरिए घर बैठे ऑनलाइन टोकन प्राप्त कर सकते हैं। वहीं, ऑनलाइन सुविधा का उपयोग करने में असमर्थ किसान संबंधित सहकारी समिति से ऑफलाइन टोकन ले सकते हैं।

टोकन जारी करने की प्रक्रिया 10 नवंबर से शुरू हो चुकी है। शासन के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिले में धान खरीदी 31 जनवरी 2027 तक जारी रहेगी।

किसानों से साफ और सूखा धान लाने की अपील

जिला प्रशासन ने किसानों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि और टोकन के अनुसार ही उपार्जन केंद्र पहुंचें। साथ ही अच्छी तरह साफ और सूखा धान लेकर आएं, ताकि गुणवत्ता परीक्षण और खरीदी प्रक्रिया में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

नारायणपुर जिले में दो नए उपार्जन केंद्रों की शुरुआत और डिजिटल टोकन व्यवस्था से किसानों को धान विक्रय में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन ने खरीदी प्रक्रिया को सुचारु, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाए रखने को प्राथमिकता दी है।

Leave a Reply

2

Back to top button