छत्तीसगढ़

पीएम स्वनिधि योजना से आत्मनिर्भर बन रहे पथ विक्रेता, डिप्टी CM अरुण साव बोले- अंतिम व्यक्ति के कल्याण से बनेगा विकसित भारत..

रायपुर, 14 नवंबर 2026। राजधानी रायपुर में शनिवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में स्वनिधि महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने पथ विक्रेताओं से सीधा संवाद कर पीएम स्वनिधि योजना से उनके व्यवसाय और जीवन में आए बदलावों की जानकारी ली। साथ ही लाभार्थियों को चेक, यूपीआई पेमेंट बॉक्स और प्रशस्ति पत्र वितरित किए।

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) द्वारा आयोजित इस महोत्सव की थीम ‘उत्कृष्टता की ओर बढ़ते कदम’ रखी गई थी। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाले बैंकों, बैंक शाखाओं और नगरीय निकायों को सम्मानित किया गया। इसके अलावा वित्तीय साक्षरता, डिजिटल भुगतान, प्रदर्शनी, सांस्कृतिक कार्यक्रम और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया।

पीएम स्वनिधि योजना से छोटे कारोबारियों को मिला आर्थिक सहारा

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेहनतकश लोगों की परेशानियों को समझते हुए पीएम स्वनिधि योजना की शुरुआत की थी। कोरोना महामारी के दौरान जब कारोबार बंद हो गए थे और लोगों के सामने रोजगार तथा परिवार चलाने का संकट खड़ा हो गया था, तब जून 2020 में इस योजना के माध्यम से छोटे कारोबारियों को आर्थिक सहायता देने की पहल की गई।

उन्होंने कहा कि इस योजना ने पथ विक्रेताओं को साहूकारों पर निर्भरता से बाहर निकालकर बैंकों से जोड़ने और अपना कारोबार आगे बढ़ाने का अवसर दिया है। समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति का कल्याण ही विकसित भारत के निर्माण का आधार है।

तीसरे चरण में 50 हजार रुपये का ऋण लेने का लक्ष्य रखें

अरुण साव ने पथ विक्रेताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि रेहड़ी, ठेले और सड़क किनारे दुकान लगाकर व्यवसाय करने वाले लोग अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। उनकी मेहनत से परिवारों का जीवन चलता है और शहरों की रोजमर्रा की जरूरतें पूरी होती हैं।

उन्होंने लाभार्थियों से अपने कारोबार को लगातार आगे बढ़ाने और योजना के तीसरे चरण तक पहुंचकर 50 हजार रुपये का ऋण प्राप्त करने का लक्ष्य रखने की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि अगले स्वनिधि महोत्सव में ऐसे अनेक कारोबारी शामिल होंगे, जिन्होंने तीसरे चरण का ऋण प्राप्त कर लिया होगा और उनके पास यूपीआई क्रेडिट कार्ड भी होगा।

रायपुर में 33 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को लाभ

कार्यक्रम में सांसद लक्ष्मी वर्मा ने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के तहत जरूरतमंद पथ विक्रेताओं को बिना गारंटर के ऋण उपलब्ध कराया जाता है। समय पर ऋण की किस्त चुकाने वाले लाभार्थियों को 7 प्रतिशत ब्याज अनुदान भी मिलता है।

वहीं रायपुर की महापौर मीनल चौबे ने बताया कि नगर निगम ने वर्ष 2030 तक 53 हजार स्ट्रीट वेंडर्स को योजना का लाभ पहुंचाने का लक्ष्य रखा है। अब तक शहर के 33 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को इसका लाभ दिया जा चुका है। उन्होंने महिला उद्यमियों से भी योजना का लाभ लेकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने की अपील की।

छत्तीसगढ़ के 1.23 लाख से अधिक पथ विक्रेता योजना से जुड़े

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने बताया कि छत्तीसगढ़ में एक लाख 23 हजार से अधिक पथ विक्रेता पीएम स्वनिधि योजना का लाभ लेकर आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। उन्होंने नगरीय निकायों और बैंकों से अधिक से अधिक पथ विक्रेताओं तक योजना का लाभ पहुंचाने और उन्हें वित्तीय एवं तकनीकी सहायता उपलब्ध कराने की अपील की।

कार्यक्रम में विधायक मोतीलाल साहू, पुरंदर मिश्रा, सांसद लक्ष्मी वर्मा, महापौर मीनल चौबे, सभापति सूर्यकांत राठौर सहित नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारी, बैंक प्रतिनिधि, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में पीएम स्वनिधि योजना के लाभार्थी मौजूद रहे।

Leave a Reply

2

Back to top button