छत्तीसगढ़

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की शिल्पकार : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े..

रायपुर। महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की शिल्पकार हैं। बच्चों के सुरक्षित, स्वस्थ और सुपोषित भविष्य की नींव रखने में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। आंगनबाड़ी केवल एक केंद्र नहीं, बल्कि बच्चे के जीवन की पहली पाठशाला है।

मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े शुक्रवार को सिविल लाइन्स स्थित सर्किट हाउस में महिला एवं बाल विकास विभाग, जिला रायपुर द्वारा आयोजित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिका सम्मान समारोह को संबोधित कर रही थीं। इस अवसर पर जमीनी स्तर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को सम्मानित किया गया।

मंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी कर्मी गर्भवती माताओं की देखभाल, बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य परीक्षण, टीकाकरण और प्रारंभिक शिक्षा जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाती हैं। वे गांव-गांव और घर-घर तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने में अहम भूमिका निभाती हैं। कठिन परिस्थितियों और दूरस्थ क्षेत्रों में भी उनका सेवाभाव सराहनीय है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार महिलाओं, बच्चों और पोषण के क्षेत्र में लगातार काम कर रही है। महतारी वंदन योजना, कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान और ‘हर घर मुनगा’ जैसी पहलों के माध्यम से सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास किया जा रहा है। सरकार का संकल्प है कि कोई भी बच्चा कुपोषण का शिकार न हो और प्रत्येक गर्भवती माता को उचित पोषण एवं स्वास्थ्य सुविधाएं मिलें।

मंत्री ने सम्मानित कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को बधाई देते हुए उनके परिश्रम, त्याग और समर्पण की सराहना की। उन्होंने सभी से बच्चों और माताओं के बेहतर भविष्य के लिए इसी ऊर्जा के साथ कार्य करते रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की अध्यक्ष डॉ. वर्णिका शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुईं। इसके अलावा जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, उपाध्यक्ष संदीप यदु, महिला एवं बाल विकास विभाग की सभापति शैल महेंद्र साहू और जिला कार्यक्रम अधिकारी शैल ठाकुर सहित बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं उपस्थित रहीं।

समारोह के दौरान उपस्थित लोगों ने बाल विवाह रोकने की शपथ भी ली।

Leave a Reply

2

Back to top button