छत्तीसगढ़

तीन दिन से लापता था लखनपुर का बड़ा बाबू, अंबिकापुर के तालाब में मिला शव..

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक सरकारी कर्मचारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। लखनपुर में बड़े बाबू के पद पर कार्यरत कर्मचारी का शव शुक्रवार को अंबिकापुर के बाबूपारा स्थित जेल अधीक्षक के बंगले के पीछे बने तालाब में मिला। मृतक पिछले तीन दिनों से लापता था। शव मिलने की खबर से इलाके में सनसनी फैल गई, वहीं परिवार में मातम पसर गया।

जानकारी के अनुसार, मृतक लखनपुर के एक सरकारी विभाग में बड़े बाबू के पद पर पदस्थ था। बताया जा रहा है कि वह पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच शुक्रवार को बाबूपारा स्थित तालाब में स्थानीय लोगों ने एक शव देखा और तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी रितेश चौधरी भी घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने स्थानीय लोगों से पूछताछ कर घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद तालाब से शव बाहर निकलवाने की कार्रवाई की गई।

मौत की वजह अब तक स्पष्ट नहीं

फिलहाल कर्मचारी की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा नहीं हो पाया है। यह भी स्पष्ट नहीं है कि वह तालाब तक कैसे पहुंचा और उसकी मौत डूबने से हुई या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। बताया जा रहा है कि मृतक शराब पीने का आदी था, हालांकि उसकी मौत का कारण अभी जांच का विषय है।

एडिशनल एसपी रितेश चौधरी के अनुसार, शव को तालाब से बाहर निकालने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस मृतक के लापता होने की परिस्थितियों और उसकी पिछले कुछ दिनों की गतिविधियों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

2

Back to top button