दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली हत्या का मामला सामने आया है। उतई थाना क्षेत्र के ग्राम गोड़पेण्ड्री में एक महिला ने अपने ही 40 वर्षीय भाई की सिलबट्टे (लोढ़ा) से वार कर हत्या कर दी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी बहन को गिरफ्तार कर लिया है। प्रारंभिक पूछताछ में हत्या की वजह मृतक की शराब पीने की आदत बताई गई है।
पुलिस को घर में मिला युवक का शव
जानकारी के अनुसार, 14 नवंबर 2026 को उतई पुलिस को ग्राम गोड़पेण्ड्री में हत्या की सूचना मिली थी। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो धर्मेन्द्र पाल (40 वर्ष) का शव मिला। मृतक की बाईं आंख के ऊपर किसी ठोस वस्तु से वार के निशान थे।
शुरुआत में मृतक की बहन धन्नी धनकर ने पुलिस को बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उसके भाई पर हमला किया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की। घटनास्थल और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की आशंका होने पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ धारा 103(1) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पूछताछ में बहन ने कबूला जुर्म
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक की बहन धन्नी धनकर (34 वर्ष) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपने भाई की हत्या करना स्वीकार कर लिया। आरोपी महिला ने बताया कि उसने सिलबट्टे के लोढ़े से भाई के सिर और बाईं आंख के ऊपर वार किया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल सिलबट्टा जब्त कर लिया है।
शराब पीने की आदत बनी हत्या की वजह
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि आरोपी महिला अपने भाई की शराब पीने की आदत से परेशान थी। इसी बात को लेकर उसने कथित तौर पर इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है।
दुर्ग पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि पारिवारिक विवाद और घरेलू तनाव की स्थिति में हिंसा का रास्ता न अपनाएं। विवाद होने पर परिवार के सदस्यों, सामाजिक प्रतिनिधियों या पुलिस की मदद लें। किसी भी हिंसक या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।



