मथुरा/रायपुर। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के वृंदावन स्थित एक होटल में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की रहने वाली 24 वर्षीय युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। युवती शुक्रवार से होटल में ठहरी हुई थी। रविवार को उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है।
पिता के फोन के बाद हुआ घटना का खुलासा
जानकारी के मुताबिक, मृतका की पहचान पार्वती के रूप में हुई है। वह वृंदावन के केशवधाम इलाके में स्थित होटल श्री राधा निकुंज में रुकी हुई थी। उसने शुक्रवार को होटल में चेक-इन किया था और सोमवार को चेक-आउट करना था।
रविवार को पार्वती के पिता ने होटल के रिसेप्शन पर फोन कर बताया कि उनकी बेटी से कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं हो पा रही है। उन्होंने होटल प्रबंधन से बेटी का हालचाल पता करने का आग्रह किया। इसके बाद होटल का एक कर्मचारी कमरे में पहुंचा, जहां युवती का शव फंदे से लटका मिला। होटल प्रबंधन ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सुसाइड नोट में रायपुर के युवक पर धोखे का आरोप
पुलिस ने घटनास्थल पर जांच के लिए फील्ड यूनिट को बुलाया। इस दौरान कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ। पुलिस के अनुसार, नोट में युवती ने रायपुर निवासी आशीष ओझा नाम के युवक पर धोखा देने का आरोप लगाया है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
सर्कल ऑफिसर संदीप कुमार सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस सुसाइड नोट और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।



