बलौदाबाजार । छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले से एक बेहद दर्दनाक और सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक बेटे ने ही अपनी मां की हत्या कर दी। जमीन बंटवारे को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपी ने जलाऊ लकड़ी से हमला कर मां को मौत के घाट उतार दिया।
जानकारी के अनुसार, घटना सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मगरवाय की है। मृतिका बेबी वर्मा और उनके बेटे धनेश्वर वर्मा उर्फ धन्नू के बीच 21 अप्रैल को जमीन विवाद को लेकर कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने गुस्से में आकर जलाऊ लकड़ी से मां के सिर पर जानलेवा वार कर दिया, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की शिकायत मृतिका के परिजन बहादुर वर्मा ने पुलिस में दर्ज कराई। इसके बाद थाना सिटी कोतवाली में अपराध क्रमांक 334/2026 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जिले की एसपी भावना गुप्ता के निर्देश पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने जमीन विवाद के चलते अपनी मां की हत्या करना स्वीकार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी धनेश्वर वर्मा को 22 अप्रैल को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है।



