बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में छात्राओं से कथित यौन दुर्व्यवहार के आरोपों को लेकर भाजपा और कांग्रेस के बीच सियासी विवाद गहरा गया है। सोमवार को भाजपा महिला मोर्चा ने कांग्रेस मुख्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारी महिलाओं ने पुलिस की बैरिकेडिंग हटाई और कांग्रेस भवन के अंदर पहुंचकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन में बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी, भाजपा प्रदेश मंत्री हर्षिता पांडेय और महिला मोर्चा की पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुईं। प्रदर्शनकारियों ने छात्राओं से जुड़े आरोपों की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराने की मांग की।
भाजपा नेताओं ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा से जुड़े मामलों में राजनीतिक पक्षपात नहीं होना चाहिए तथा तथ्यों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए।
वहीं, कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान पार्टी कार्यालय में जबरन प्रवेश किया गया और तोड़फोड़ की गई। कांग्रेस नेताओं ने घटना की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि कार्रवाई नहीं होने पर भाजपा नेताओं के निवास पर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
इस घटना के बाद बिलासपुर में दोनों प्रमुख राजनीतिक दलों के बीच टकराव बढ़ गया है। अब मामले में पुलिस की जांच और प्रशासन की कार्रवाई पर नजरें टिकी हैं।



