छत्तीसगढ़

रायपुर में तेज रफ्तार ट्रक का कहर, बाइक सवार 2 युवकों की मौत..

रायपुर। राजधानी में तेज रफ्तार का कहर एक बार फिर देखने को मिला, जहां ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की है, जिसके बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने मंगलवार को चक्काजाम कर विरोध जताया।

गोलू यादव और राजू यादव सोमवार देर रात काम खत्म कर सिब्बल ग्रीन से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सरीखेड़ी के पास पहुंचे, तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे।

इस दुर्घटना में गोलू यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल राजू यादव ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी और घायलों को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर आरोपी की तलाश की जा रही है।

इस घटना के बाद इलाके में सड़क सुरक्षा को लेकर फिर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार आम बात है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से सख्त ट्रैफिक नियम लागू करने और निगरानी बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

Leave a Reply

Back to top button