जांजगीर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर एसपी कार्यालय परिसर में एक युवक ने जहर खाकर आत्महत्या की कोशिश कर ली, जिससे परिसर में हड़कंप मच गया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए युवक को तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत फिलहाल सामान्य बताई जा रही है।
युवक ग्राम मड़वा का निवासी टीआर साहू है, जो अपनी शिकायत को लेकर कई बार एसपी कार्यालय पहुंच चुका था। आरोप है कि उसके मकान मालिक ने उसकी भाभी की एलआईसी राशि हड़प ली है। इस मामले में कार्रवाई नहीं होने से परेशान होकर युवक ने यह कदम उठाया।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि युवक पहले भी इस तरह की कोशिश कर चुका है, जिससे पुलिस पर दबाव बनाने की आशंका जताई जा रही है।
शिकायत में युवक ने बताया था कि वह पिछले कुछ महीने से राजेंद्र राठौर के कमरे में किराए पर रह रहा था। इस दौरान उसके भाई हेमंत साहू ने उसके माध्यम से अपनी पत्नी रानी केंवट के नाम पर 40 लाख का डाकघर में बीमा कराया। इसके बाद वह अपनी पत्नी रानी केंवट को पैसे के लिए जान से मारना चाहता था, इसकी जानकारी राजेन्द्र राठौर को हो गई।
इसके बाद राजेन्द्र राठौर ने टीआर साहू को बहला-फुसलाकर रोज रात को शराब पिलाकर झूठे कागजात तैयार करवाए और बड़ी-बड़ी बातें करने लगा। वह उसे रोज फेब्रिकेशन के काम या घर के काम में लगाता था और पिछले तीन माह से उसकी मजदूरी भी नहीं दी थी। जब युवक मजदूरी मांगता था तो वह कहता था कि तेरी बहन की शादी मैं कराऊंगा, लेकिन पैसे नहीं देता था।
उसने यह भी आरोप लगाया कि राजेंद्र राठौर ने उसका आधार कार्ड, राशन कार्ड, बैंक खाते की पासबुक और चेकबुक हस्ताक्षर कराकर अपने पास रख लिया है। वह उस पर दबाव डालकर कहता था कि रानी केंवट को करंट लगवाकर उसकी मौत को एक्सीडेंटल दिखाकर पैसा उसके खाते में डलवाया जाए। वह उसे ऐसा न करने पर जान से मारने की धमकी देता था।
युवक ने बताया कि “मैं जानता हूं कि राजेन्द्र राठौर आपराधिक मानसिकता का व्यक्ति है। इसी कारण मैं उसके किराए के मकान से भाग गया।” लेकिन इसके बाद भी वह युवक को फोन कर धमकी देता है था कि अगर काम नहीं करोगे तो तुम्हें फंसा दूंगा या मरवा दूंगा। इससे वह परेशान था।



