छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में भीषण हादसा, हाइवा-टैंकर की टक्कर में 2 चालक गंभीर..

बलौदाबाजार। जिले के गिधपुरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भवानीपुर में बुधवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। चिखली रेत घाट से रेत लेकर आ रहे एक हाइवा और डीजल-पेट्रोल टैंकर के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भयावह था कि दोनों वाहनों के आगे के हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालक स्टेयरिंग में फंस गए।

जानकारी के अनुसार, टैंकर बलौदाबाजार से डीजल खाली कर मंदिरहसोद डिपो की ओर लौट रहा था। इसी दौरान भवानीपुर के पास सामने से आ रहे हाइवा से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण तत्काल मदद के लिए पहुंच गए।

घटना की सूचना मिलते ही गिधपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी उनेख देशमुख के अनुसार, दोनों चालक गंभीर रूप से वाहन में फंसे हुए थे, जिन्हें पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर जेसीबी की मदद से बाहर निकाला। इसके बाद 108 एंबुलेंस से दोनों घायलों को तत्काल पलारी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

घायलों की पहचान हरिश्चंद्र पटेल (30) टैंकर चालक और मुकेश टंडन (27) हाइवा चालक के रूप में हुई है। दोनों का इलाज जारी है।

पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की वजह माना जा रहा है।

इस क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि रेत परिवहन करने वाले भारी वाहनों की तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। हाल के महीनों में भी कई गंभीर हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान जा चुकी है।

Leave a Reply

Back to top button