मुंगेली। छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी इलाके से एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है, जहां एक तेज रफ्तार सीमेंट से लदे ट्रक ने एक शिक्षक को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में आक्रोश का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, तिलकपुर निवासी शिक्षक अजीत डाहिरे अपनी बाइक से अपने पैतृक गांव बैगाकापा जा रहे थे। इसी दौरान झाफल स्थित महाराणा प्रताप स्कूल के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक ट्रक के नीचे दब गई और अजीत डाहिरे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। सूचना पर पहुंची लोरमी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना ने क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।



