छत्तीसगढ़

CG- दो ग्रामीणों की हत्या, नक्सलियों ने 2 ग्रामीणों को किया अगवा, दहशत फैलाने दोनों ग्रामीणों को उतारा मौत के घाट..

बीजापुर। बस्तर में सुरक्षाबल के जवानों लगातार नक्सलियों को मुंहतोड़ जवाब दे रहे है। ऐसे में नक्सलियों ने दहशत फैलाने एक बार फिर ग्रामीणों को टारगेट किया है। बीजापुर जिला में नक्सलियोें ने एक बार फिर कायराना करतूत करते हुए दो ग्रामीणों को अगवा करने के बाद उनकी हत्या कर दी। घटना तर्रेम थाना क्षेत्र की है। ग्रामीणों की हत्या के बाद से क्षेत्र में दहशत व्याप्त है। आपको बता दे इससे पहले 26 जनवरी को नक्सलियों ने एक ग्रामीण के घर में घुसकर उसकी हत्या कर दहशत फैलाने की कोशिश की थी।

गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के बस्तर में सुरक्षाबल के जवान और नक्सलियों के बीच निर्णायक लड़ाई चल रही है। जवानों की संयुक्त आपरेशन से लगातार नक्सलियों को हो रहे नुकसान से माओवादी एक तरफ जहां बैकफूट पर नजर आ रहे है। वहीं दूसरी तरफ फोर्स पर ग्रामीणों के बढ़ते विश्वास को तोड़ने के लिए नक्सली निर्दोष ग्रामीणों को टारगेट कर दहशत फैलाने की कोशिश कर रहे है। सोमवार की देर रात तर्रेम थाना क्षेत्र के बुड़गी चेरू गांव में नक्सलियों ने एक बार फिर कायराना करतूत की है।

यहां माओवादियों ने गांव में रहने वाले राजू कारम और मुन्ना माडवी का गांव से अपहरण कर जंगल ले गये। इसके बाद ग्रामीणों पर पुलिस मुखबिरी का आरोप लगाते हुए उनकी हत्या कर लाश को गांव के पास फेंक दिया गया। सुबह घटना की जानकारी के बाद गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस अधिकारियों को घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल मौके के लिए रवाना किया गया। पुलिस ने दोनों ग्रामीणों के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया है। वहीं घटना की जानकारी के बाद से क्षेत्र में फोर्स ने सर्चिंग तेज कर दी है।

इससे पहले भैरमगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत केशामुंडी गांव में माओवादियों ने 26 जनवरी को ग्रामीण भदरू सोढ़ी की कुल्हाड़ी मार कर हत्या कर दी थी। यहां 26 जनवरी की शाम लगभग सात बजे माओवादी केशामुंडी गांव स्थित सोढ़ी के घर पहुंचे और मौके पर ही कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर फरार हो गए। नक्सलियों द्वारा निर्दोष ग्रामीणों की हत्या के मामले को लेकर पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षाबल के जवानों की कार्रवाई से नक्सली परेशान है। फोर्स के प्रति ग्रामीणों का विश्वास बढ़ रहा है। ऐसे में ग्रामीणों के बीच अपनी दहशत कायम करने के लिए नक्सली इस तरह की कायराना करतूत को अंजाम दे रहे है।

Leave a Reply

Back to top button