रायपुर/नई दिल्ली। NEET परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर राजधानी नई दिल्ली में जारी आंदोलन को जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) का समर्थन मिला है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अमित जोगी आंदोलन स्थल पहुंचे और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर चल रहे प्रदर्शन में शामिल हुए।
इस दौरान अमित जोगी ने पिछले 19 दिनों से भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। उन्होंने वांगचुक के संघर्ष और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता की मांग का समर्थन करते हुए उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
अमित जोगी ने कहा कि देश के लाखों छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जा सकता। यदि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता पर सवाल उठते हैं, तो इससे युवाओं का भरोसा कमजोर होता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, जवाबदेही और निष्पक्षता सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने आगे कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण आंदोलन जनता की आवाज होता है और सरकार को छात्रों व आंदोलनकारियों की मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उचित निर्णय लेना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई में हमेशा उनके साथ खड़ी रहेगी।
आंदोलन के दौरान अमित जोगी ने अन्य सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात कर शिक्षा व्यवस्था में सुधार और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस मुद्दे को लेकर राजनीतिक हलकों में भी चर्चा तेज हो गई है।



