लंदन मौजूदा चैंपियन यानिक सिनर ने सात बार के विंबलडन विजेता नोवाक जोकोविक के रिकॉर्ड 25वें ग्रैंडस्लैम खिताब के सपने को बेरहमी से तोड़ते हुए शुक्रवार को सीधे सेटों में 6-4, 6-4, 6-4 से हराकर लगातार दूसरी बार विंबलडन फाइनल में जगह बना ली।
अब रविवार को खिताबी मुकाबले में उनका सामना फ्रेंच ओपन चैंपियन एलेक्जेंडर ज्वेरेव से होगा, जिन्होंने पहले सेमीफाइनल में ब्रिटेन के आर्थर फेरी को हराया। 24 वर्षीय दुनिया के नंबर एक खिलाड़ी सिनर ने शुरुआत से ही मुकाबले पर अपना दबदबा रखा।
हिसाब किया बराबर
ऑस्ट्रेलियन ओपन के इस साल के सेमीफाइनल में जोकोविक से मिली हार का हिसाब उन्होंने विंबलडन में बराबर कर दिया। पूरे मुकाबले में उन्होंने ऐसी सटीक और आक्रामक टेनिस खेली कि लगभग दो घंटे तक जोकोविक उनके विरुद्ध एक भी ब्रेक प्वाइंट नहीं बना सके। पहले सेट का फैसला नौवें गेम में हुआ, जब सिनर ने शानदार बैकहैंड विनर लगाकर जोकोविच की सर्विस तोड़ दी। गेंद इतनी तेज थी कि सर्बियाई दिग्गज उसे सिर्फ देखते रह गए।
इसके बाद सिनर ने बिना कोई गलती किए पहला सेट 6-4 से अपने नाम कर लिया।दूसरे सेट में भी जोकोविक ने संघर्ष किया, लेकिन 3-3 की बराबरी के बाद सिनर ने शानदार ड्रॉप शाट से उन्हें चौंका दिया और सर्विस ब्रेक कर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली। तीसरे सेट में भी इतालवी खिलाड़ी ने शुरुआती ब्रेक हासिल कर बढ़त बना ली।
जोकोविच ने वापसी की कोशिश जरूर की, लेकिन उनके चेहरे पर निराशा साफ दिखाई देने लगी और अंततः सिनर ने लगातार तीसरा सेट भी 6-4 से जीतकर मुकाबला समाप्त कर दिया।
39 वर्षीय जोकोविक ने इस टूर्नामेंट में 15वीं बार सेमीफाइनल तक पहुंचने के लिए करीब 16 घंटे 30 मिनट कोर्ट पर बिताए थे। क्वार्टर फाइनल में फेलिक्स आगर-अलियासिमे के विरुद्ध पांच घंटे से अधिक चले मैराथन मुकाबले की थकान भी उनके खेल में साफ दिखाई दी। इस जीत के साथ सिनर अपने करियर के पांचवें ग्रैंडस्लैम खिताब से सिर्फ एक जीत दूर हैं। वहीं जोकोविक का रिकॉर्ड 25वां ग्रैंड स्लैम और आठवां विंबलडन खिताब जीतने का सपना फिलहाल अधूरा रह गया।
ज्वेरेव ने फेरी के सपने पर फेरा पानी
वहीं जर्मनी के स्टार टेनिस खिलाड़ी एलेक्जेंडर ज्वेरेव ने ब्रिटेन के वाइल्ड कार्ड खिलाड़ी आर्थर फेरी के शानदार सफर का अंत करते हुए शुक्रवार को सीधे सेटों में 7-6 (7-0), 6-2, 6-4 से जीत दर्ज कर पहली बार विंबलडन फाइनल में जगह बनाई। 29 वर्षीय ज्वेरेव अपने करियर का पांचवां ग्रैंडस्लैम फाइनल खेलेंगे।



