बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सनौद थाना क्षेत्र के बेलोदी गांव में एक युवक ने कथित तौर पर हसिया से अपनी गर्दन पर वार कर खुद को घायल कर लिया। इसके बाद वह खून से लथपथ हालत में गांव की सड़कों पर घूमता रहा।
घायल युवक की पहचान नरेंद्र रावटे, पिता बालचन्द रावटे, निवासी भेड़ियानवागांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि नरेंद्र सुबह अपने घर से निकला और दूसरे गांव बेलोदी पहुंचा। वहां उसने कथित तौर पर हसिया से अपनी गर्दन पर वार कर लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही हल्दी चौकी प्रभारी लता तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घायल युवक को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
परिजनों के मुताबिक, नरेंद्र पिछले कुछ दिनों से परेशान था और बार-बार कह रहा था कि “कोई उसे मारने आ रहा है।” इसी बात को लेकर परिवार भी चिंतित था। हालांकि युवक ने खुद को किस परिस्थिति में घायल किया और उसके पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और युवक के बयान सहित अन्य तथ्यों के आधार पर घटना की वजह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।



