छत्तीसगढ़

शराब दुकान के पास विवाद ने लिया खूनी रूप, 30 वर्षीय युवक की चाकू से हत्या..

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में नया बस स्टैंड इलाके के पास रविवार देर रात मामूली विवाद के बाद एक युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान संतोषी वार्ड निवासी 30 वर्षीय कैलाश गुप्ता के रूप में हुई है। घटना बोधघाट थाना क्षेत्र की है। पुलिस ने मामले में एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, कैलाश गुप्ता का शराब दुकान के पास एक नाबालिग से विवाद हो गया था। कहासुनी के बाद दोनों के बीच हाथापाई शुरू हुई और वे लड़ते हुए सड़क के दूसरी ओर चले गए। इसी दौरान नाबालिग ने कैलाश पर धारदार चाकू से हमला कर दिया।

चाकू के वार से कैलाश गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। स्थानीय लोगों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

नगर पुलिस अधीक्षक सुमीत कुमार के अनुसार, शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने बताया कि मृतक ने उसके पिता के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी की थी। इसी बात से नाराज होकर उसने हमला करने की बात कही है।

पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है। साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Back to top button