छत्तीसगढ़

बालोद में दर्दनाक हादसा, यात्रियों से भरी बस पलटी; एक की मौत, 25 से ज्यादा घायल..

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में शनिवार को यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। हादसा बालोद थाना क्षेत्र के करहीभदर मोड़ के पास हुआ। दुर्घटना में बस के नीचे दबने से एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 25 से अधिक यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

मिली जानकारी के अनुसार, डीआरडी कंपनी की बस बालोद से धमतरी की ओर जा रही थी। करहीभदर मोड़ के पास पेट्रोल पंप के आगे नाले के समीप अचानक बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में 35 से अधिक यात्री सवार होने की जानकारी सामने आई है।

बस पलटते ही यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायलों को बस से बाहर निकालकर जिला अस्पताल बालोद पहुंचाया।

हादसे में एक यात्री बस के नीचे दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वहीं कई यात्रियों को चोटें आई हैं। शुरुआती जानकारी में बस में क्षमता से अधिक यात्रियों के सवार होने की बात भी सामने आई है।

सूचना मिलते ही बालोद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लेकर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक तौर पर चालक की लापरवाही की बात सामने आने की जानकारी है, हालांकि हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होगी। घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

Leave a Reply

Back to top button