बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार माजदा वाहन की चपेट में आने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई, जबकि तीसरा भाई गंभीर रूप से घायल है। तीनों भाई अपने रिश्तेदार की गर्भवती बेटी का हालचाल जानकर लौट रहे थे। हादसे के बाद वाहन चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
सड़क किनारे खड़े होकर कर रहे थे बातचीत
जानकारी के मुताबिक, ग्राम भटगांव निवासी बरातु दास मानिकपुरी अपने भाइयों प्रीतम दास और चंदू दास के साथ रिश्तेदार प्रदीप मानिकपुरी के घर गए थे। प्रदीप की बेटी गर्भवती है, जिसका हाल जानने के बाद तीनों भाई घर लौट रहे थे।
इसी दौरान उन्होंने घर के सामने सड़क किनारे अपनी बाइक खड़ी की और आपस में बातचीत करने लगे। तभी सेवार की ओर से आ रहे तेज रफ्तार माजदा वाहन (CG 10 C 1868) ने तीनों को जोरदार टक्कर मार दी।
बिजली के खंभे से टकराया वाहन
टक्कर के बाद बाइक माजदा के अगले पहिए में फंस गई और कुछ दूर तक घिसटती चली गई। इसके बाद वाहन सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे से टकराकर रुक गया। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलने पर डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों घायलों को बिल्हा अस्पताल पहुंचाया।
दो भाइयों की मौत, तीसरे का इलाज जारी
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने बरातु दास और प्रीतम दास को मृत घोषित कर दिया। दोनों को सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई थीं। वहीं, तीसरे भाई चंदू दास के कंधे और चेहरे पर गहरे जख्म हैं। उनका इलाज जारी है।
मृतक के बेटे रूपेन्द्र दास ने हादसे की सूचना के बाद बिल्हा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने माजदा वाहन जब्त कर लिया है। फरार चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।



