रायपुर। राजधानी रायपुर के संतोषी नगर इलाके में आठ साल की बच्ची के साथ यौन उत्पीड़न का मामला सामने आया है। घटना के बाद टिकरापारा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी सुलेमान कुरैशी (30) को गिरफ्तार किया है। आरोपी बच्ची के पिता का परिचित बताया जा रहा है और उसी क्षेत्र में रहता है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे की है। माता-पिता के अलग-अलग रहने के कारण बच्ची अपनी दादी के पास रहती है। आरोप है कि आरोपी घर में दाखिल हुआ और बच्ची को चिप्स देने के बाद उसके साथ गलत हरकत करने लगा।
बच्ची किसी तरह वहां से बचकर निकली और घटना की जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजनों ने टिकरापारा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई शुरू की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शादीशुदा है और उसके दो बच्चे हैं। घटना के समय उसके शराब के नशे में होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया है।
मामले में पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस बच्ची का बयान दर्ज करने के साथ ही मामले से जुड़े साक्ष्यों की जांच कर रही है। आरोपी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच जारी है।



