कबीरधाम। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में लापता स्कूल चपरासी का शव नदी में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय राजेंद्र धुर्वे के रूप में हुई है। वह शासकीय हाई स्कूल झलमला में चपरासी के पद पर कार्यरत थे।
जमुनिया नदी में मिला शव
जानकारी के अनुसार, रेंगाखार थाना क्षेत्र के ग्राम रोल के पास जमुनिया नदी में एक व्यक्ति का शव पानी में डूबा हुआ मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला। मृतक की पहचान नगवाही गांव निवासी राजेंद्र धुर्वे, पिता मानसिंह, के रूप में की गई।
तीजा पर्व पर मायके गई थी पत्नी
बताया जा रहा है कि 13 सितंबर को राजेंद्र की पत्नी तीजा पर्व मनाने अपने मायके गई थी। इसके बाद राजेंद्र घर से बाहर निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। नदी में मिला शव प्रथम दृष्टया दो से तीन दिन पुराना बताया जा रहा है।
डूबने की आशंका, जांच जारी
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक तौर पर पानी में डूबने से मौत होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, राजेंद्र नदी तक कैसे पहुंचे और उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।



