छत्तीसगढ़

पत्नी से अवैध संबंध का शक, किराएदार से भिड़ा मकान मालिक; गला दबाने से मौत..

रायपुर/आरंग। राखी थाना क्षेत्र के ग्राम गनौद में अवैध संबंध के शक को लेकर हुए विवाद में एक किराएदार पर अपने मकान मालिक की गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतक की पहचान करीब 45 वर्षीय वेद राम साहू के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पुरुषोत्तम धीवर उर्फ छोटू (25) को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी पिछले एक-दो साल से वेद राम साहू के मकान में किराए से रहकर ऑटो पार्ट्स की दुकान चलाता था। इसी दौरान मकान मालिक को अपनी पत्नी और किराएदार के बीच अवैध संबंध होने का शक हो गया था। इस बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद और कहासुनी होती रहती थी।

घटना के दिन भी दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ, जो मारपीट में बदल गया। आरोप है कि विवाद के दौरान पुरुषोत्तम धीवर ने वेद राम साहू का गला दबा दिया, जिससे उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने के बाद राखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई और जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button