अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में पारिवारिक विवाद और तलाक के मामले को लेकर ससुर की हत्या की साजिश का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने मुख्य साजिशकर्ता दामाद समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
मामला कोतवाली थाना क्षेत्र के रसूलपुर इलाके का है। मृतक की पहचान 64 वर्षीय बशीरुद्दीन उर्फ लज्जू के रूप में हुई है, जो एलआईसी एजेंट थे। 16 सितंबर की सुबह हमलावरों ने घर में घुसकर उन पर चाकू से कई वार किए थे। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने के बाद इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि बशीरुद्दीन का अपने दामाद मो. नाजिम शबा से विवाद चल रहा था। नाजिम और मृतक की बेटी के बीच तलाक का मामला कोर्ट में लंबित था। पुलिस के मुताबिक, इसी विवाद के चलते नाजिम ने ससुर की हत्या की साजिश रची।
पूछताछ में सामने आया कि नाजिम ने कथित तौर पर 5 लाख रुपये में शूटरों से हत्या का सौदा किया था। इसके लिए झारखंड के पलामू से दो हमलावरों को बुलाया गया था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाजिम, शूटर कंचन कुमार और सहयोगी नेजारूउद्दीन उर्फ गुड्डू को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अब फरार चल रहे एक अन्य आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मामले में आगे की जांच जारी है।



