सूरजपुर। जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के ग्राम खोरमा केराडांड में 30 वर्षीय महिला बिंदु अगरिया का शव रविवार सुबह घर के पास एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका मिला। शव देखते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कार्रवाई के बाद जांच शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर की दोपहर करीब 2 बजे महिला का अपने 32 वर्षीय पति उमेश अगरिया के साथ पारिवारिक विवाद हुआ था। विवाद के दौरान मारपीट होने और पति द्वारा महिला को दो थप्पड़ मारे जाने की बात सामने आई है। परिजनों के मुताबिक, बाद में दोनों के बीच मामला शांत हो गया था।
रात करीब 9 बजे दंपती ने साथ में खाना खाया और सोने चले गए। लेकिन अगली सुबह महिला का शव घर के पास पेड़ से लटका मिला। घटना के बाद परिवार सदमे में है।
फिलहाल पुलिस पति से पूछताछ कर रही है और महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।



