छत्तीसगढ़

CG News: कपड़े सुखाने के दौरान करंट की चपेट में आया परिवार, 16 वर्षीय बेटे की मौत..

पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के ग्राम खरड़ी में बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर के आंगन में कपड़े सुखाने के दौरान एक ही परिवार के तीन सदस्य करंट की चपेट में आ गए। हादसे में 16 वर्षीय किशन की मौत हो गई, जबकि उसके माता-पिता घायल हो गए।

जानकारी के मुताबिक, रविवार शाम तेज बारिश हो रही थी। गांव निवासी विकेश सिंह खेत से काम कर घर लौटे थे और बारिश में भीगने के कारण उनके कपड़े गीले थे। घर पहुंचने के बाद वे आंगन में कपड़े सुखाने के लिए लगाए गए तार पर कपड़ा डाल रहे थे। इसी दौरान तार में प्रवाहित करंट की चपेट में आने से उन्हें जोरदार झटका लगा और वे बेहोश होकर गिर पड़े।

पति को जमीन पर गिरा देखकर उनकी पत्नी रहमत बाई मदद के लिए पहुंचीं। उन्होंने जैसे ही विकेश को पकड़ने का प्रयास किया, वह भी करंट की चपेट में आ गईं और झटके से दूर जा गिरीं।

इसी दौरान 16 वर्षीय बेटा किशन भी अपने माता-पिता की मदद करने पहुंचा। वह भी करंट प्रवाहित तार के संपर्क में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

बाद में रहमत बाई को होश आया और ग्रामीणों की मदद से लकड़ी के सहारे करंट वाले तार को हटाया गया। इसके बाद तीनों को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने किशन को मृत घोषित कर दिया। उपचार के बाद विकेश को होश आ गया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने शव का पंचनामा और पोस्टमार्टम कराया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Reply

Back to top button