छत्तीसगढ़

महिला की संदिग्ध मौत: दोबारा खोदी गई कब्र, पोस्टमार्टम के लिए निकाला गया शव..

गरियाबंद। जिले के तर्रा गांव में 32 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। मायके पक्ष की ओर से हत्या की आशंका जताए जाने के बाद प्रशासन की अनुमति से कब्र की दोबारा खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया। फोरेंसिक टीम और राजिम के नायब तहसीलदार की मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

मृतका की पहचान बबीता के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, 16 सितंबर को उसके भाई ने तीजा के बाद उसे ससुराल में स्वस्थ हालत में छोड़ा था। इसके बाद 16 सितंबर की दरम्यानी रात उसकी मौत हो गई और 17 सितंबर को ससुराल पक्ष ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया।

मायके पक्ष ने मृतका की नाक में खून के निशान सहित कुछ संदिग्ध परिस्थितियों का हवाला देते हुए मौत पर सवाल उठाए और पांडुका पुलिस से हत्या की आशंका जताई। परिजनों ने पति-पत्नी के बीच घरेलू विवाद होने की बात भी कही है। बताया गया है कि मृतका के पति मनोज के खिलाफ वर्ष 2019 में मारपीट का मामला दर्ज हुआ था।

शिकायत और परिस्थितियों को देखते हुए पुलिस ने कब्र खुदवाकर शव बाहर निकलवाया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही बबीता की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Back to top button