कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में लिव-इन पार्टनर की हत्या कर शव सेप्टिक टैंक में छिपाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना का खुलासा तब हुआ, जब महिला रक्षाबंधन पर अपने मायके नहीं पहुंची और उसके भाइयों ने उसकी तलाश शुरू की।
मामला श्यांग थाना क्षेत्र के बरपाली गांव का है। जानकारी के अनुसार 33 वर्षीय संतोषी आरोपी मनोज उरांव के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। बताया जा रहा है कि 27 अगस्त को दोनों के बीच विवाद के दौरान मारपीट हुई, जिसके बाद संतोषी की मौत हो गई। आरोप है कि मनोज ने शव को घर की बाड़ी में बने सेप्टिक टैंक में छिपा दिया और महिला के भाइयों को गुमराह करता रहा।
रक्षाबंधन पर संतोषी के मायके नहीं पहुंचने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें घर की बाड़ी में सेप्टिक टैंक का ढक्कन खुला मिला और बदबू आने पर शक हुआ। तलाशी लेने पर टैंक के अंदर संतोषी का शव बरामद हुआ।
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और कार्यपालिक दंडाधिकारी की मौजूदगी में शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी 5 सितंबर से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। मामले की जांच जारी है।



