छत्तीसगढ़

बालोद में भीषण सड़क हादसा, 3 साल के बेटे और 12 साल के भतीजे की मौत..

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के देवरी थाना क्षेत्र के परसुली गांव के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो मासूम बच्चों की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके पिता गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, पवन सोनकर अपने 3 वर्षीय बेटे हिमांशु और 12 वर्षीय भतीजे नमन के साथ बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान डौंडीलोहारा की ओर से आ रही कार रॉन्ग साइड में पहुंच गई और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत में उन्हें राजनांदगांव रेफर किया गया, जहां इलाज के दौरान दोनों बच्चों ने दम तोड़ दिया। पवन सोनकर का इलाज जारी है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

🚨 कार छोड़कर फरार हुए आरोपी

हादसे के बाद कार चालक और उसका साथी वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर देवरी पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर लिया। पुलिस फरार चालक और उसके साथी की तलाश कर रही है। घटना की जांच जारी है।

Leave a Reply

Back to top button