छत्तीसगढ़

असम में भूपेश बघेल के काफिले पर हमला, पत्थर और बोतलें फेंकीं; कई घायल..

गुवाहाटी। असम के नगांव में चुनाव प्रचार के दौरान कांग्रेस के काफिले पर हमले का मामला सामने आया है। कांग्रेस के मुताबिक, पूर्व मुख्यमंत्री और असम कांग्रेस प्रभारी भूपेश बघेल के काफिले पर पत्थर और बोतलें फेंकी गईं, जिससे कुछ गाड़ियों के शीशे टूट गए और कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हुए।

जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम करीब 4 बजे समागुरी विधानसभा क्षेत्र के बारामा बाजार में कांग्रेस का काफिला प्रचार के लिए पहुंचा था। इस दौरान विरोध प्रदर्शन और नारेबाजी के बाद दोनों पक्षों के कार्यकर्ताओं के बीच झड़प की स्थिति बन गई।

कांग्रेस का आरोप है कि भूपेश बघेल की गाड़ी पर पत्थरों और बोतलों से हमला किया गया। वहीं, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गौरव गोगोई जिस वाहन में मौजूद थे, उस पर एसिड की बोतल फेंके जाने का भी दावा किया गया है। कांग्रेस के मुताबिक, गाड़ी के शीशे बंद होने के कारण कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

घटना के बाद मौके पर पुलिस और सुरक्षाबल पहुंचे। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए CRPF को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद कलेक्टर और एसपी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।

भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पोस्ट में हमले के लिए भाजपा समर्थकों पर आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। उन्होंने घटना की शिकायत थाने में दर्ज कराने और अधिकारियों से मुलाकात की बात भी कही है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और घटना की जांच से जुड़े आधिकारिक निष्कर्ष सामने आना बाकी है।

Leave a Reply

Back to top button