रायपुर/आरंग। राजधानी रायपुर से सटे मंदिर हसौद थाना क्षेत्र के ग्राम जुगेसर में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। यहां 26 वर्षीय महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस के मुताबिक, महिला की हत्या सीमेंट के पोल से सिर पर वार कर की गई है।
मृतका की पहचान जुगेसर निवासी बसंती निषाद (26 वर्ष) के रूप में हुई है। सुबह ग्रामीणों ने महिला का लहूलुहान शव देखा तो तत्काल पुलिस को सूचना दी।
मौके पर मिले सीमेंट पोल के टुकड़े
सूचना मिलते ही मंदिर हसौद पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। जांच के दौरान पुलिस को मौके से खून से सने सीमेंट के पोल के दो टुकड़े मिले हैं। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि आरोपी ने महिला के सिर पर पोल से हमला कर उसकी हत्या की और वारदात के बाद मौके से फरार हो गया।
हालांकि हत्या की वजह और वारदात में शामिल आरोपी के बारे में अभी स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
FSL और डॉग स्क्वॉड ने संभाला मोर्चा
घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम और डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाया गया। घटनास्थल को सुरक्षित कर वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है। इसके अलावा मृतका के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है, ताकि हत्या से जुड़े सुराग मिल सकें।
हत्या के कारणों की जांच जारी
पुलिस फिलहाल हत्या के पीछे की वजह पता लगाने में जुटी है। शुरुआती जांच में आपसी विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
महिला की हत्या की इस घटना से जुगेसर गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।



