छत्तीसगढ़

रायपुर नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक 29 अक्टूबर को.. गौरवपथ-2 निर्माण प्रस्ताव सहित 16 एजेंडों पर चर्चा..

रायपुर /रायपुर नगर निगम की सामान्य सभा की बैठक 29 अक्टूबर को होगी ,बैठक में गौरवपथ-2 के निर्माण का प्रस्ताव सहित 16 एजेंडों पर चर्चा के बाद अंतिम मुहर लगाई जाएगी। महापौर मीनल चौबे के कार्यकाल की बजट के बाद दूसरी सामान्य सभा होगी। सामान्य सभा की बैठक के पहले 27 और 28 अक्टूबर को दोनों दलों के पार्षदों के साथ भी बैठक रखी गई है।

निगम के सदन में भाजपा पार्षदों का बहुमत है लिहाजा हंगामा की संभावना कम ही है , हालांकि पार्षद अपने-अपने वार्डों से जुड़ी पेयजल, सफाई, बिजली, रोड और नाली जैसी स्थानीय समस्याओं को जोरदार तरीके से उठाएंगे। सामान्य सभा की शुरुआत एक घंटे के प्रश्नकाल से होगी। इस बार 14 से 15 पार्षदों ने अपने सवाल लगाए हैं। यह अब तक की सबसे अधिक संख्या है।मुख्य प्रस्तावों में पचपेड़ी नाका से सीएसईबी चौक बूढ़ापारा तक गौरवपथ-2 का निर्माण शामिल है। यह सड़क 37.61 करोड़ रुपए की लागत से चौड़ी और आधुनिक डिजाइन में विकसित की जाएगी। इससे शहर को नया स्वरूप और सुगम यातायात मिलेगा।सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए इंदौर मॉडल अपनाने का प्रस्ताव भी एजेंडे में है। इसके तहत कचरा कलेक्शन वाहनों में जीपीएस आधारित मॉनिटरिंग सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे सफाई कार्य की निगरानी और पारदर्शिता बढ़ेगी। साथ ही रोड स्वीपिंग मशीनों की सेवा अवधि दो साल और बढ़ाने पर भी विचार करने की संभावना होगा।

Leave a Reply

Back to top button