छत्तीसगढ़

विश्वकर्मा जयंती आज..जानिए पूजाविधि, महत्व और पूजा का शुभमुहूर्त..

विश्वकर्मा जयंती 17 सितंबर यानी आज है. भगवान विश्वकर्मा को देवी-देवताओं का इंजीनियर कहा जाता है. ऐसा कहते हैं कि ब्रह्मा जी ने इस सृष्टि का निर्माण किया था, लेकिन इसे सजाने-संवारने का काम विश्वकर्मा जी ने ही किया था. देवी-देवताओं के भवन, महल और रथ आदि के निर्माता भी स्वयं भगवान विश्वकर्मा ही हैं. क्या आप जानते हैं कि लंकापति रावण ने जिस सोने की लंका में सीता को कैद करके रखा था, वो भी विश्वकर्मा ने ही बनाई थी.

पौराणिक कथा के अनुसार, एक बार माता पार्वती भगवान शिव के साथ वैकुण्थ गईं और वहां की सुंदरता देख मंत्रमुग्ध हो गईं. कैलाश पर्वत वापस लौटने के बाद उन्होंने भगवान शिव से एक सुंदर महल बनवाने की इच्छा जाहिर की. तब भगवान शिव ने ही विश्वकर्मा और कुबेर से सोने का महल बनवाया था. रावण ने गरीब ब्राह्मण का रूप धारण करके शिवजी से दान में सोने की लंका मांग ली थी. हालांकि महादेव रावण को पहचान गए थे, इसके बावजूद वो उसे खाली हाथ नहीं लौटाना चाहते थे और तभी उन्होंने उसे सोने की लंका दे दी. ये बात जब माता पार्वती को पता चली तो वो बहुत नाराज हुईं और उन्होंने सोने की लंका जलकर भस्म हो जाने का श्राप दे दिया. यही कारण है कि आगे चलकर हनुमान जी ने अपनी पूंछ से सोने की पूरी लंका को जलाकर भस्म कर दिया था.

विश्वकर्मा जी ने भगवान श्रीकृष्ण की नगरी द्वारिका का भी निर्माण किया था. उन्होंने वास्तु शास्त्र को ध्यान में रखते हुए ही इसकी चौड़ी सड़कें, चौराहे और गलियों को बनाया था.महाभारत के अनुसार तारकाक्ष, कमलाक्ष और विद्युन्माली के नगरों का विध्वंस करने के लिए भगवान शिव सोने के जिस रथ पर सवार हुए थे, उसका निर्माण विश्वकर्मा जी ने ही किया था. इसके दाएं चक्र में सूर्य और बाएं चक्र में चंद्रमा विराजमान थे. वाल्मीकि रामायण के अनुसार, विश्वकर्मा जी के वानर पुत्र नल ने भगवान श्रीराम के कहने पर रामसेतु पुल का निर्माण किया था. विश्वकर्मा का पुत्र होने के कारण ही नल शिल्पकला जानता था. इसीलिए वो समुद्र पर पत्थरों से पुल बना सका था.

पूजाविधि

प्रातः स्नान करके स्वच्छ वस्त्र धारण कर,पूर्ण श्रद्धा भाव से अपने औजारों,मशीन आदि की सफाई करके विश्वकर्मा जी की प्रतिमा या चित्र लगाकर रोली,अक्षत,फल-फूल आदि से उनकी पूजा करें। सभी औजारों और मशीनों के कलावा बांधें एवं मिठाई से पूजा करते हुए उनकी आरती करें। पूजा के दौरान “ॐ विश्वकर्मणे नमः” मंत्र का उच्चारण करें। उसके बाद सभी को प्रसाद वितरित करें। ऐसा करने से भगवान विश्वकर्मा की कृपा से व्यापार में वृद्धि होती है।

पूजा का शुभ मुहूर्त

विश्वकर्मा पूजा का शुभ मुहूर्त सुबह 07 बजकर 35 मिनट से सुबह 09 बजकर 10 मिनट तक रहेगा। उसके बाद दोपहर में शुभ मुहूर्त 01 बजकर 45 मिनट से दोपहर 03 बजकर 20 मिनट तक है। फिर तीसरा शुभ समय दोपहर 03 बजकर 20 मिनट से शाम 04 बजकर 53 मिनट तक है। इन तीनों मुहूर्त में आप अपने फैक्ट्री,वाहन और औजारों की पूजा कर सकते हैं।

Back to top button