
बिलासपुर
उदयपुर हत्याकांड से संबधित राहुल गांधी के बयान की कथित वीडियो शेयर करने के मामले में पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री व भाजपा सांसद राज्यवर्धन राठौर सहित यूपी के तीन सांसद व एक विधायक के खिलाफ अपराध दर्ज किया है।
जानकारी के मुताबिक जिस कथित वीडियो को राहुल गांधी के बयान के रूप में पेश किया गया, वह फेक निकला। इसे ही आधार बनाकर पर्यटन मंडल के अध्यक्ष अटल श्रीवास्तव, बिलासपुर महापौर रामशरण यादव, प्रमोद नायक, अभयनारायण राय व कांग्रेस नेताओं ने सिविल लाइन थाने में भाजपा नेताओं के खिलाफ एफआईआर करने के लिए ज्ञापन दिया था। इसके आधार पर पुलिस ने पूर्व केंद्रीय मंत्री व जयपुर ग्रामीण से सांसद राज्यवर्धन सिंह राठौर, यूपी के कन्नौज से सांसद सुब्रत पाठक, बुलंदशहर सांसद भोला सिंह, विधायक कमलेश सैनी, मेजर सुरेंद्र पुनिया के खिलाफ सामाजिक सौहार्द्र बिगाड़ने का केस दर्ज किया है।



